गुरुवार, 17 नवंबर, 2005 को 17:45 GMT तक के समाचार
मुँबई की एक विशेष अदालत ने माफ़िया सरगना अबू सालेम के वकीलों की उस अपील को नामंज़ूर कर दिया है जिसमें उन्होंने अपने मुवक्किल से पूछताछ के दौरान मौजूद रहने की अनुमति माँगी थी.
ये विशेष अदालत 1993 में मुँबई में हुए बम धमाकों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित की गई है.
वकीलों से कहा गया है कि वो सीबीआई के पास जाएँ. जज ने कहा है कि अगर सीबीआई तैयार है तो वकील अबू सालेम की पूछताछ के दौरान मौजूद रह सकते हैं.
पिछले शुक्रवार को अबू सालेम को हिरासत में लेने के बाद से ही सीबीआई उनसे पूछताछ कर रही है.
अबू सालेम के सरकारी गवाह बनने की बात पर उनके वकील ओवैस सिद्दीक़ी ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है.
मुँबई बम धमाकों में कथित भूमिका के लिए अबू सालेम की तलाश थी और उन्हें पिछले हफ़्ते ही पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया था.
इस मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी.
उधर सीबीआई ने अबू सालेम की प्रेमिका मोनिका बेदी को भी हिरासत में ले लिया है. मोनिका बेदी को भी पिछले हफ़्ते ही पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया था.
आँध्र प्रदेश की एक अदालत ने मोनिका बेदी को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है.
सीबीआई मोनिका बेदी से फ़र्ज़ी पासपोर्ट इस्तेमाल करने के मामले में पूछताछ करना चाहती है.
मोनिका बेदी हैदराबाद शहर के एक जेल में बंद हैं.