http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 14 नवंबर, 2005 को 11:34 GMT तक के समाचार

श्रीनगर मुठभेड़ में अब तक चार मौतें

श्रीनगर में ऐतिहासिक लाल चौक पर हुए चरमपंथी हमले में चार लोगों की मौत हो गई है और दस लोग घायल हुए हैं.

चरमपंथी लाल चौक के एक होटल की इमारत में घुस गए हैं और मुठभेड़ अभी जारी है.

इस बीच ख़ुद को चरमपंथी संगठन अल मंसूरीन का प्रवक्ता बताने वाले व्यक्ति ने बीबीसी के श्रीनगर दफ़्तर में फ़ोन करके दावा किया है कि यह हमला उनके संगठन ने किया है जिसमें उनके चार सदस्य शामिल हैं.

केंद्रीय रिज़र्व पुलिस फोर्स सीआरपीएफ़ ने पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर दी है और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं.

मारे गए चार लोगों में तीन आम नागरिक हैं जबकि सीआरपीएफ़ का एक जवान भी मारा गया है.

चरमपंथियों ने दोपहर के वक़्त भीड़ भरे बाज़ार में हथगोला फेंककर हमला किया और उसके बाद सीआरपीएफ़ की टुकड़ी के साथ उनकी मुठभेड़ शुरू हो गई.

बाज़ार में हथगोले के फटने और दोनों ओर से चल रही गोलीबारी के कारण ही आम नागरिकों की जान गई.

इसके बाद सीआरपीएफ़ के जवानों ने बाज़ार में दोतरफ़ा गोलीबारी में फँसे आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला.

अभी यह नहीं पता चल सका है कि जिस इमारत पर चरमपंथियों ने कब्ज़ा किया है उसके अंदर कितने लोग फँसे हुए हैं.

स्थानीय पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि इस हमले में दो चरमपंथी शामिल हैं और यह एक तरह का आत्मघाती हमला ही है क्योंकि उन्होंने यह जान-बूझकर लाल चौक पर हमला किया है कि उनका जीवित बच पाना संभव नहीं है.

इस समय श्रीनगर में शाम ढल रही है और स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे घेरा डालकर रखेंगे लेकिन रात में कोई कार्रवाई नहीं करेंगे क्योंकि उसमें बेकसूर लोगों के मारे जाने का ख़तरा होगा.