http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 14 नवंबर, 2005 को 08:11 GMT तक के समाचार

नियंत्रण रेखा चौथी जगह भी खुली

भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए भारत और पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा को चौथी जगह से भी खोल दिया है.

भारत और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के बीच खींची हुई नियंत्रण रेखा को भारतीय समय के अनुसार सुबह 11 बजे पुंछ ज़िले में खोला गया.

इससे पहले तीन स्थानों पर मानवीय सहायता के लिए नियंत्रण रेखा नौसेरी टीटवाल, चकोटी-उड़ी और रावलाकोट-पुंछ, तीन जगह से खोला जा चुका है.

आठ अक्तूबर को आए भयंकर भूकंप से सड़कों को भारी नुक़सान पहुँचा था.

जिस जगह को सोमवार को खोला गया है वह भारतीय प्रशासित कश्मीर के पुंछ ज़िले के मेंडर में है और इस जगह नियंत्रण रेखा खुलने से पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के तत्तापानी से संपर्क हो सकेगा.

भारत की ओर से कर्नल दीपक सैनी और और पाकिस्तान की ओर से कर्नल ईदल ने हाथ मिलाकर नियंत्रण रेखा को खोलने की औपचारिकता पूरी की.

भारतीय सेना के प्रवक्ता कर्नल डीके बडोला ने सूचना दी है कि भारत पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के भूकंप पीड़ितों के लिए दस ट्रकों में भरकर राहत सामग्री भेज रहा है.

इन ट्रकों में खाने का सामान और टीन की चादरें भेजी गई हैं.

दूसरी ओर पाकिस्तान ने एक ट्रक भर राहत सामग्री भेजी है जिसमें गद्दे और खाद्य सामग्री है.

मानवीय आधार पर भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए दोनों देशों के बीच नियंत्रण रेखा को पाँच जगहों से खोलने की सहमति बनी है.