http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 14 नवंबर, 2005 को 14:22 GMT तक के समाचार

काबुल में आत्मघाती हमले, तीन की मौत

अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए कई हमलों में एक विदेशी सैनिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं.

सभी हमले शहर के पूर्व में स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालयों के निकट हुए. पहले हमले में एक आत्मघाती हमलावर ने नैटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) सैनिकों की गश्ती दल को निशाना बनाया.

इस हमले में एक शांतिरक्षक सैनिक की मौत हो गई. कुछ देर बाद इसके निकट ही एक और गश्ती दल पर आत्मघाती हमलावर ने हमला किया.

धमाके के बाद कई वाहनों में आग लग गई. दूसरे हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई.

इसके बाद जैसे ही ब्रितानी सैनिकों ने इलाक़े को घेरा, तीसरा हमला हुआ. सैनिकों ने उस कार पर गोलीबारी की, जो उनकी ओर बढ़ रहा था.

गोलीबारी के कारण कार तो रुक गई लेकिन उसमें धमाका नहीं हुआ. इस साल अफ़ग़ानिस्तान में कई आत्मघाती हमले हुए हैं जिनमें से दो तो राजधानी काबुल में हुए.

हमले

स्थानीय समय के मुताबिक़ तीन बजे काबुल और पूर्वी शहर जलालाबाद के बीच सड़क पर पहला हमला हुआ. हमले में मारा गया सैनिक जर्मनी का था. दूसरे हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई.

अंतरराष्ट्रीय शांतिरक्षक सैनिक इस सड़क का नियमित इस्तेमाल करते हैं और इस सड़क के आसपास कई सैनिक अड्डे भी हैं.

बीबीसी संवाददाता एंड्रयू नॉर्थ का कहना है कि पहले हमले के बाद इलाक़े में गाड़ियों के कल-पुर्ज़े बिखरे हुए थे. हमले के बाद ब्रितानी सैनिकों ने इलाक़े को घेर लिया. इसके कुछ देर बाद ही दूसरा धमाका हुआ.

इस साल अभी तक अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथी हिंसा में 1100 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.