http://www.bbcchindi.com

रविवार, 13 नवंबर, 2005 को 02:33 GMT तक के समाचार

तीसरे चरण में 47 प्रतिशत मतदान

बिहार विधान सभा के लिए रविवार को तीसरे चरण में 57 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया. चुनाव आयोग ने बताया कि इस दौरान 47 प्रतिशत मतदान हुआ.

लगभग एक करोड़ 17 लाख मतदाताओं वाली इन 57 सीटों में मतदान करीब करीब शांतिपूर्ण रहा.

इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और मतदान के मद्देनज़र पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और नेपाल से लगी सीमाएँ सील कर दी गई थी.

पहले इस चरण में 72 सीटों के लिए मतदान होना था लेकिन सुरक्षा कारणों से 15 सीटों के लिए मतदान टाल दिया गया.

अब बाक़ी 15 विधान सभा क्षेत्रों में मतदान 16 नवंबर को होगा.

तीसरे चरण के मतदान में 494 उम्मीदवारों के भाग्य का फ़ैसला होगा.

तीसरे चरण के लिए बिहार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 72 हज़ार जवानों को तैनात किया गया था.

11 ज़िलों में हुए इस मतदान के लिए 12,786 केंद्र स्थापित किए गए थे.

इस दौरान माओवादियों की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए सीमा सुरक्षा बल के जवान और वायु सेना के हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया.