http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 12 नवंबर, 2005 को 02:52 GMT तक के समाचार

ढाका में सार्क सम्मेलन आज से

दक्षिण एशियाई सहयोग संगठन (सार्क) का शिखर सम्मेलन शनिवार से बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो रहा है.

ख़बरों के अनुसार सार्क की बैठक के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मुलाक़ात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शौकत अज़ीज़ से होगी.

सार्क विदेश मंत्रियों की बैठक शुक्रवार को हुई जिसमें सम्मेलन के दौरान पारित किए जाने वाले घोषणापत्र को अंतिम रूप दिया गया.

भारत सार्क के जरिए आतंकवाद के विरुद्ध एक कड़ा संदेश देना चाहता है.

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि दक्षिण एशिया में आतंकवाद और ग़रीबी के विरुद्ध लड़ाई बांटी नहीं जा सकती.

ग़ौरतलब है कि सार्क सम्मेलन दो बार स्थगित की जा चुका है.

पहली बार जनवरी में यह बैठक सूनामी की वजह से रद्द किया गया और दूसरी बार भारत के प्रधानमंत्री ने फ़रवरी में इस बैठक में भाग लेने से इनकार कर दिया था.

भारत ने बांग्लादेश में सुरक्षा कारणों और नेपाल में राजा ज्ञानेंद्र ने जिस तरह से सरकार को बर्ख़ास्त किया उसको आधार बनाकर सार्क बैठक में न जाने का निर्णय लिया था.

बैठक में भारत के भाग न लेने के फ़ैसले पर बांग्लादेश और पाकिस्तान ने तीख़ी प्रतिक्रिया जताई थी.

सार्क शिखर सम्मेलन में एक भी सदस्य देश यदि भाग लेने से इनकार कर देता है तो सम्मेलन नहीं हो सकता.