संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी यूनीसेफ़ ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में भूकंप प्रभावित बच्चों का टीकाकरण अभियान तेज़ कर दिया है.
बच्चों को पोलियो जैसी बीमारियों से बचाने के लिए यूनीसेफ़ ने अगले दो हफ़्तों में बच्चों को टीके लगाए जाने की योजना बनाई है.
दूर दराज के इलाक़ों में लोगों की स्थिति को देखते हुए यूनीसेफ़ ने अपना अभियान तेज़ कर दिया है.
यूनीसेफ़ ने कस्बों और गाँवों में करीब 600 दल रवाना करने की योजना बनाई है.
एजेंसी बच्चों को विटामिन ए की गोलियाँ भी बाँटेगी.
यूनीसेफ़ का लक्ष्य है कि अगले दो हफ़्तों में 15 साल की उम्र तक के आठ लाख बच्चों का टीकाकरण कर दिया जाए.
पिछले महीने तीन लाख बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है.
यूनीसेफ़ के एक उच्च स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सर्दी शुरू होने से पहले पहाड़ों में रह रहे बच्चों तक पहुँचना होगा.
माना जा रहा है कि भूकंप में कम से कम 73 हज़ार लोग मारे गए हैं हालांकि राहत एजेंसियाँ ये आँकड़ा 87 हज़ार बता रही हैं.