http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 12 नवंबर, 2005 को 14:16 GMT तक के समाचार

मोनिका को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

माफ़िया सरगना अबू सालेम की प्रेमिका मोनिका बेदी को हैदराबाद की एक अदालत ने 25 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

शनिवार को मोनिका बेदी सीबीआई की विशेष अदालत में पेश की गईं. मजिस्ट्रेट ने मोनिका बेदी को दो हफ़्ते की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए कहा कि ज़मानत पर सुनवाई के लिए उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाए.

मोनिका बेदी को न्यायिक हिरासत में भेजने के फ़ैसले को सीबीआई के लिए एक धक्के के रूप में देखा जा रहा है.

सीबीआई के वकील ने पत्रकारों को बताया कि सीबीआई ने पाँच दिन की पुलिस हिरासत की माँग की थी. सुनवाई के बाद मोनिका बेदी को हैदराबाद के सेंट्रल जेल की महिला शाखा ले जाया गया.

वकालत

इससे पहले मोनिका बेदी का पक्ष रखने के लिए ओवैस अहमद सिद्दीक़ी के नेतृत्व में मुंबई से वकीलों का एक दल शनिवार सुबह हैदराबाद पहुँचा.

सुनवाई के बाद ओवैस अहमद सिद्दीक़ी ने पत्रकारों से कहा, "मुझे शक है कि अबू सालेम और मोनिका बेदी पर दबाव डाला जा रहा है कि वे वकीलों की सेवा न लें."

उन्होंने कहा, "अख़बारों में छपी रिपोर्टों में हमें पता चला है कि मोनिका बेदी ने कहा है कि उन्हें वकीलों की ज़रूरत नहीं है. हमें हरजोत सिंह ने मोनिका का पक्ष रखने के लिए कहा है. हरजोत सिंह ने लिस्बन कोर्ट में मोनिका और सालेम का पक्ष रखा था."

मोनिका बेदी के ख़िलाफ़ ग़लत दस्तावेज़ों के आधार पर पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में मामला दर्ज है.