बुधवार, 09 नवंबर, 2005 को 07:47 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के भूकंप पीड़ितों तक भारतीय राहत सामग्री पहुँचाने के लिए कश्मीर में नियंत्रण रेखा एक और जगह खोल दी गई है.
बुधवार को दोनों देशों के अधिकारियों ने जम्मू कश्मीर में उड़ी के पास नियंत्रण रेखा को खोलने की घोषणा की. यह स्थान पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में चकोटी के पास है.
नियंत्रण रेखा खोलने की घोषणा के साथ ही उड़ी के पास भारतीय सेना के कमान पोस्ट के पास भारतीय दल ने राहत सामग्री पाकिस्तानी दल को सौंपा.
पुंछ-रावलाकोट की तरह यहाँ भी आम लोगों को नियंत्रण रेखा होकर आवाजाही की अनुमति नहीं दी गई है.
इससे पहले इसी सप्ताह नियंत्रण रेखा के पुंछ-रावलाकोट सेक्टर को खोला गया था.
हालाँकि सात नवंबर को तब नियंत्रण रेखा होकर सिर्फ़ ट्रकों के ज़रिए राहत सामग्री ही भेजी गई थी और लोगों को रेखा पार करने की इजाज़त नहीं दी गई थी.
उस दिन नियंत्रण रेखा पार करने की उम्मीद से जुटे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पाकिस्तानी सेना को आँसू गैस का प्रयोग करना पड़ा था.
इस बार ऐसी नौबत नहीं आने देने के उद्देश्य से लोगों को नियंत्रण रेखा के पास नहीं आने दिया गया था.
उल्लेखनीय है कि भारत ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में भूकंप पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजने की पेशकश की थी और उसी के लिए नियंत्रण रेखा को खोला जा रहा है.
भारत और पाकिस्तान भूकंप पीड़ितों को राहत सामग्री पहुँचाने के वास्ते पाँच स्थानों पर नियंत्रण रेखा खोलने के लिए सहमत हुए थे.