http://www.bbcchindi.com

तमिलनाडु में बाढ़ से हज़ारों विस्थापित

तमिलनाडु में भारी वर्षा के कारण आई बाढ़ से सैकड़ों गाँवों और उपजाऊ भूमि में पानी भर गया है और हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं.

पिछले महीने से हो रही बारिश से जन-जीवन प्रभावित हुआ है. राहत सामग्री बाँटने के लिए सरकार के स्थापित एक केंद्र में रविवार को हुई भगदड़ में छह महिलाओं की मौत हो गई.

राज्य की मुख्यमंत्री जे जयललिता ने कहा है कि केवल नागपट्टिनम ज़िले में 77 हज़ार लोगों को 50 राहत शिविरों में पहुँचाया गया है.

विशेषज्ञों का कहना है कि किसानों को भारी नुकसान हो सकता है.

कुड्डलूर ज़िले में एक बड़े बाँध के टूट जाने का ख़तरा बना हुआ है और यदि ऐसा हुआ तो कई शहरों के डूब जाने का आशंका है.

वहाँ के ज़िला प्रशासन के प्रमुख गगनदीन सिंह बेदी का कहना है कि स्थिति बहुत चिंताजनक है.

अक्तूबर में दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक राज्यों में हुई भारी बारिश के कारण कम से कम सौ लोग मारे गए थे.