मंगलवार, 08 नवंबर, 2005 को 13:43 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि वो इस बात की पुष्टि नहीं कर सकती कि भूकंप में मरने वालों की संख्या 74 हज़ार से बढ़कर 87 हज़ार हो गई है.
सरकारी राहत आयोग के प्रवक्ता ने बीबीसी से कहा कि सरकार इस बात से सहमत नहीं है.
ये बातें ऐसे समय पर हो रही हैं जबकि विनाशकारी भूकंप के झटकों को एक महीना पूरा हुआ है. आठ अक्तूबर को आए भूकंप के बाद अब पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुँचाने की कोशिशें चल रही हैं.
मरने वालों की संख्या पर दूसरे सूत्रों की आई रिपोर्टों से सरकार के आँकड़े कम रहे हैं.
मृतकों की संख्या को लेकर संशय का माहौल उस वक़्त पैदा हुआ जब मंगलवार को वित्त मंत्रालय के सलाहकार इक़बाल अहमद खान ने ये संख्या 87 हज़ार बताई.
इक़बाल अहमद खान ने बताया कि उन्हें ये जानकारी विश्व बैंक और एशिया विकास बैंक के अधिकारियों से मिली.
इक़बाल अहमद खान ने कहा कि दोनों बैंकों ने कहा है कि उन इलाक़ों से भी मरने वालों की संख्या मिली है जो अब तक कटे हुए थे.
लेकिन पाकिस्तान के केंद्रीय राहत आयोग का कहना है कि मृतकों की संख्या अब भी 73276 है.
मदद
उधर संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि सर्दी शुरू होने से मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
संयुक्त राष्ट्र लगातार कहता आया है कि अगर राहत कार्यों पर ज़ोर नहीं दिया गया तो मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने बीबीसी के साथ बातचीत में कहा था कि भूकंप प्रभावित क्षेत्रों के लिए बहुत कम मदद मिली है और ये दर्शाता है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के दोहरे मापदंड हैं.
इस बीच भूकंप प्रभावितों की मदद करने के लिए कश्मीर में नियंत्रण रेखा खोल दी गई है.
सोमवार को कुछ राहत सामग्री पाकिस्तान भेजी भी गई लेकिन फ़िलहाल आम लोगों के आने जाने पर रोक लगी हुई है.