http://www.bbcchindi.com

रविवार, 06 नवंबर, 2005 को 05:28 GMT तक के समाचार

चेन्नई में भगदड़ मचने से छह की मौत

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भारी बारिश के बाद राहत सामग्री वितरण के दौरान मची भगदड़ में छह महिलाओं की मौत हो गई है और कुछ घायल हैं.

रविवार समय हादसा उस समय हुआ जब उत्तरी चेन्नई के एक कॉलेज परिसर में साड़ियाँ और राहत सामग्री बाँटी जा रही थी.

भीड़ ज़्यादा थी और कुछ बिचौलिए भी वहाँ घुस आए थे. इसी क्रम में वहाँ भगदड़ मच गई और छह महिलाओं की मौत हो गई.

कुछ घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और कुछ देर के बाद राहत सामग्री वितरण का काम फिर शुरू हो गया है.

चेन्नई में लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के उत्तरी इलाक़े में बाढ़ की स्थिति आ गई है. निचले इलाक़ों में पानी भर गया है. इस इलाक़े में कई मकानों में भी पानी घुस गया है.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में और बारिश हो सकती है. स्थिति को देखते हुए सरकार ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है.