http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 05 नवंबर, 2005 को 13:25 GMT तक के समाचार

सात को एक जगह खुलेगी नियंत्रण रेखा

भारतीय विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा सात नवंबर को केवल एक ही स्थान पर खुलेगी. अन्य दो स्थानों को बाद में खोला जाएगा.

विदेश मंत्रालय का कहना है कि सात नवंबर को पुँछ में नियंत्रण रेखा को खोला जाएगा. इसके बाद 9 नवंबर को उड़ी में कमान पोस्ट से नियंत्रण रेखा को खोला जाएगा.

दस नवंबर को तीथवाल से नियंत्रण रेखा को खोलने का प्रस्ताव है.

विदेश मंत्रालय का कहना है कि जिन लोगों के नामों पर दोनों पक्षों में सहमति हुई है, वो नियंत्रण रेखा पार कर सकेंगे.

इसके पहले भारतीय अधिकारियों ने कहा था कि फिलहाल नियंत्रण रेखा को तीन स्थानों पर ही खोला जाएगा.

इसके पहले पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच नियंत्रण रेखा को पाँच जगह से खोलने पर सहमत हुई थी.

भारतीय अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि सात नवंबर को तीन स्थानों पर ही नियंत्रण रेखा खोलना संभव हो पाएगा. बाकी के दो स्थान बाद में खोले जाएंगे.

अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में प्रशासन लोगों को सात दिनों तक रहने की अनुमति देगा जिसे बाद में बढ़ाया जा सकता है.

इन केंद्रों से दोनों ओर राहत सामग्री भेजी जा सकेगी लेकिन सड़कों को हुए नुक़सान के कारण लोग पैदल ही जा सकेंगे.