शुक्रवार, 04 नवंबर, 2005 को 09:50 GMT तक के समाचार
भारत सरकार ने घोषणा की है कि वामपंथी दलों के विरोध के बावजूद भारत और अमरीकी वायुसेना का संयुक्त अभ्यास तय कार्यक्रम के अनुसार होगा.
दोनों देशों के बीच सात नवंबर को पश्चिन बंगाल में संयुक्त अभ्यास होना है.
यह फ़ैसला गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा मामलों की समिति में लिया गया.
इसके बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रक्षा मंत्री प्रणब मुखर्जी की बैठक हुई और उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धादेव भट्टाचार्य और सीपीएम के अन्य नेताओं से बातचीत कर यह फ़ैसला लिया.
रक्षा मंत्री प्रणब मुखर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोलकाता के नज़दीक कलईकुंडा हवाई आधार पर तय कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास होगा और सारा मामला सुलझा लिया गया है.
ग़ौरतलब है कि वामपंथी दलों ने अमरीका के साथ युद्धाभ्यास के विरोध करने की घोषणा की हुई है.
रक्षा मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से इस संबंध में बातचीत की गई है और राज्य सरकार से इस युद्धाभ्यास के लिए ज़रूरी सुरक्षा इंतज़ाम की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है.
रक्षा मंत्री का कहना था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का सभी राजनीतिक दलों को अधिकार है और वामपंथी दल भी ऐसा कर सकते हैं.
इसके पहले सीपीएम ने घोषणा की थी कि वामपंथी दलों के लाखों कार्यकर्ता इसका विरोध करेंगे.
अमरीका के साथ वायु सेना के संयुक्त अभ्यास के विरोध में गुरुवार को सीपीएम, सीपीआई, आरएसपी और फोरवर्ड ब्लाक ने एक साझा बयान जारी किया था.