बुधवार, 02 नवंबर, 2005 को 09:30 GMT तक के समाचार
दिल्ली पुलिस ने शनिवार 29 अक्तूबर को हुए बम धमाकों के सिलसिले में कुछ ऐसे रेखाचित्र जारी किए गए हैं जिनसे एक संदिग्ध अभियुक्त के हुलिए के बारे में कुछ जानकारी मिल सकती है.
ग़ौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में शनिवार को तीन लगातार बम धमाकों में 62 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से ज़्यादा घायल हो गए थे.
बुधवार को दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह हुलिया ऐसे आदमी का है जिसने संभवतः गोविंदपुरी में एक बस में धमाका किया था.
पुलिस ने कहा है कि इस व्यक्ति की उम्र 20 साल के आसपास हो सकती है और इस व्यक्ति के हुलिए की तीन अलग-अलग तस्वीरें बनाकर जारी की गई हैं.
एक तस्वीर छोटी दाढ़ी के साथ है, दूसरी बिना दाढ़ी-मूँछ के और तीसरी मूँछों के साथ है.
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा है कि संदिग्ध अभियुक्त का हुलिया मौक़े पर मौजूद लोगों के और बम धमाके का शिकार हुई बस के यात्रियों के बयानों के आधार पर तैयार किया गया है.
पुलिस के अनुसार इस व्यक्ति की लंबाई पाँच फुट और पाँच इंच के आसपास है, यह छरहरे बदन का है और उसके बाँए हाथ पर पट्टी बंधी थी.
मंगलवार को पाकिस्तान स्थित चरमपंथी गुट लश्करे तैबा ने इस बात से इंकार किया था कि इन धमाकों में उसका कोई हाथ हो सकता है.
उससे पहले भारत ने इस बात का स्पष्ट संकेत दिया था कि शक की सूई पाकिस्तान के चरमपंथी गुटों की ओर घूमती है.