http://www.bbcchindi.com

रविवार, 30 अक्तूबर, 2005 को 04:55 GMT तक के समाचार

दिल्ली धमाकों की दुनिया भर में निंदा

दिल्ली में हुए धमाकों की दुनिया के कई देशों ने निंदा की है. पाकिस्तान ने इन हमलों को बर्बतापूर्ण बताया है.

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने कहा है कि ये हमला चौंकाने वाले हैं.

ब्रिटेन ने कहा है कि इससे स्पष्ट होता है कि चरमपंथियों को मानव जीवन की कोई परवाह नहीं है.

वहीं फ़्रांस ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियाँ को किसी भी सूरत में न्याय उचित नहीं ठहराया जा सकता.

वहीं धमाकों में मारे गए लोगों की संख्या के बारे कोई आधिकारिक जानकारी तो नहीं मिली है लेकिन 60 लोगों के मारे जाने की ख़बर है जबकि 200 लोग घायल हुए हैं.

धमाकों के बाद वहाँ हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. सरकार ने लोगों को घर में ही रहने की सलाह दी है.

शहर के मुख्य चौराहों और इमारतों के बाहत पुलिस तैनात है.

धमाकों से जुड़ी तस्वीरें

अभी तक किसी ग्रुप ने इन विस्फोटों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. इस सिलसिले में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

ये धमाके दीपावली और ईद से पहले हुए हैं जब बाज़ार में लोगों की ख़ासी भीड़ रहती है.

भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पूर्वोत्तर का अपना दौरा बीच में ही छोड़ कर दिल्ली वापस आ गए.

गृह मंत्रालय की आपात बैठक भी हुई है.

इन धमाकों के बारे में गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाओं का मुँह तोड़ जवाब दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि इसे रोकने के लिए क़दम भी उठाए गए थे लेकिन देश के बड़े आकार के चलते ये मुश्किल काम है.

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने घोषणा की है कि दिल्ली सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को तीन लाख और घायलों को 50 हज़ार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा.

धमाके

दिल्ली में पहला धमाका भीड़ भाड़ भरे पहाड़गंज इलाक़े में भारतीय समयानुसार साढे पाँच बजे हुआ.

पहाड़गंज से आँखों देखा हाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहाड़गंज का विस्फोट ख़ासा शक्तिशाली था और इसमें अनेक लोग हताहत हुए.

पहाड़गंज नई दिल्ली स्टेशन के एकदम नज़दीक है और गली कूचों वाले इस इलाक़े में हमेशा भीड़ रहती है.

दूसरा विस्फोट आधे घंटे बाद शाम लगभग छह बजे सरोजनी नगर में हुआ.

विस्फोट के बाद बाज़ार में बिक्री के लिए सजी आतिशबाज़ी में आग लग गई.बीबीसी के पॉल डानहर के अनुसार इस इलाक़े में हुए विस्फोट में कम से कम तीन लोग मारे गए हैं.

सरोजनी नगर मार्केट से आँखों देखी

तीसरा विस्फोट दक्षिण दिल्ली के गोविंदपुरी इलाक़े में एक बस में हुआ.

घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की संख्या को देखते हुए चिकित्सक कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं.

धमाकों पर वीडियो रिपोर्ट