http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 29 अक्तूबर, 2005 को 07:08 GMT तक के समाचार

मुफ़्ती मोहम्मद सईद ने इस्तीफ़ा दिया

भारतीय राज्य जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ़्ती मोहम्मद सईद ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. दो नवंबर को कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद उनका स्थान लेंगे.

सईद शनिवार को राज्यपाल एस के सिन्हा से मिले और उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया.

मुफ़्ती मोहम्मद सईद वर्ष 2002 में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे.

ग़ौरतलब है कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और कांग्रेस के बीच सत्ता की साझेदारी को लेकर समझौता हुआ था.

इसके तहत दोनों पार्टियों के तीन-तीन साल के लिए मुख्यमंत्री बनाने पर सहमति हुई थी.

पीडीपी नेता मुफ़्ती मोहम्मद सईद ने तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है और अब बारी कांग्रेस की है.

कांग्रेस नेतृत्व की ओर से घोषणा की गई थी कि ग़ुलाम नबी आज़ाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे.

कांग्रेस ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने ये फ़ैसला राज्य के विधायकों के साथ बातचीत के बाद किया है.

इससे पहले ख़बर आई थी कि जम्मू कश्मीर में 17 कांग्रेसी विधायकों ने दो नवंबर के बाद मुफ़्ती मोहम्मद सईद के मुख्यमंत्री बने रहने की स्थिति में विधानसभा से इस्तीफ़े देने की धमकी दी थी. लेकिन कांग्रेस ने इन ख़बरों का खंडन किया था.

ग़ुलाम नबी आज़ाद जम्मू क्षेत्र से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले व्यक्ति होंगे.

वे लगभग तीस साल से राजनीति में हैं और युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और कांग्रेस महासचिव रह चुके हैं. वे आजकल केंद्र सरकार में मंत्री हैं.