शनिवार, 29 अक्तूबर, 2005 को 03:50 GMT तक के समाचार
रेल अधिकारियों का कहना है कि दक्षिणी राज्य आंध्रप्रदेश के नालगोंडा ज़िले में हुई रेल दुर्घटना में कम से कम 100 लोग मारे गए हैं और 100 से अधिक लोग घायल हैं.
अनके घायलों को हैदराबाद स्थित रेलवे के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पिछले कुछ दिनों से इस इलाक़े में लगातार भारी बारिश हो रही है और आशंका व्यक्त की जा रही है कि मरनेवालों की संख्या और बढ़ सकती है.
दक्षिण-मध्य रेल के प्रवक्ता पी कृष्णैया का कहना था कि राहत और बचाव कार्य वायुसेना के हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है.
ये दुर्घटना सुबह साढ़े चार बजे हैदराबाद से 80 किलोमीटर दूर नालगोंडा ज़िले के वेलीगोंडा नामक स्थान पर हुई.
दुर्घटना में पुल के बह जाने के कारण सिकंदराबाद-रेपल्ली डेल्टा एक्सप्रेस के सात डब्बे पटरी से उतर गए. ये ट्रेन गुंटूर ज़िले के रेपल्ली से सिंकदराबाद जा रही थी.
बीबीसी संवाददाता उमर फ़ारूक़ के अनुसार भारी बारिश के कारण पटरी पानी में बह गई थी.
माना जा रहा है कि रेल के डब्बे उस बाढ़ग्रस्त नदी में गिर गए जिस पर से रेल गुज़र रही थी.
रेल अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि पाँच डब्बे पानी में बह गए हैं जबकि बाकी डब्बे एक दूसरे से जा टकराए जिससे कई यात्री दब गए.
ख़बरें हैं कि सभी रेल डब्बों में 50 से 60 यात्री थे. भारी बारिश के कारण घटनास्थल तक जाने में भी बचाव दलों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
दुर्घटना के तुरंत बाद रेल राज्यमंत्री आर वेलु और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे.
रेल मंत्री लालू यादव ने पटना में पत्रकारों से कहा कि राहत और मुआवज़े के लिए राज्यमंत्री को अधिकृत किया है और वो इसकी घोषणा करेंगे.
बारिश से संकट
साथ ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री राजशेखऱ रेड्डी ने भी राहत और बचाव कार्य के निरीक्षण के लिए वहाँ पहुँच गए.
रेलवे की प्रवक्ता एस्थर कार ने बताया,'' बचाव दल दुर्घटनास्थल पर कार्य कर रहे है और बचाव में जुटे हैं.
दरअसल बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आंध्र प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है जिससे 25 लोगों की मौत हो चुकी है. अकेले हैदराबाद में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई है.
ग़ौरतलब है कि तमिलनाडु और कर्नाटक में भी पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश से आई बाढ़ में 100 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.