http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 28 अक्तूबर, 2005 को 02:28 GMT तक के समाचार

1984 के दंगों की जाँच सीबीआई करेगी

1984 के सिख विरोधी दंगों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जाँच सीबीआई से कराई जाएगी.

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस मामले के कार्रवाई के आश्वासन के बाद ये घोषणा की गई है.

नानावती जाँच समिति की सिफ़ारिशों पर अमल करते हुए जगदीश टाइटलर, धर्मदास शास्त्री और सज्जन कुमार के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जाँच अब सीबीआई करेगी.

भारत के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, "प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के आश्वासनों के अनुरूप टाइटलर, सज्जन कुमार और शास्त्री के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जाँच सीबीआई से नए सिरे से कराई जाएगी क्योंकि नानावती आयोग ने अपनी रिपोर्टों में इन लोगों का नाम लिया है."

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि जिन अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ रिपोर्ट में प्रतिकूल टिप्पणी की गई है उनके ख़िलाफ़ क्या कार्रवाई की जाए इस पर विधि मंत्रालय से परामर्श किया जा रहा है.

इनमें से ज़्यादातर लोग रिटायर हो चुके हैं और नौकरी के नियमों के मुताबिक इतना समय बीत चुका है कि उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करना मुश्किल है.

नानावती आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि टाइटलर के ख़िलाफ़ इस बात के 'विश्वसनीय सबूत' हैं कि उन्होंने हमलों की साज़िश रची थी, आयोग ने सरकार से कहा कि वह टाइटलर के ख़िलाफ़ 'उचित कार्रवाई' करे.

नानावती आयोग की रिपोर्ट संसद में पेश किए जाने के बाद जगदीश टाइटलर ने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार सहित सभी कांग्रेसी नेता दंगे भड़काने के आरोपों का लगातार खंडन करते रहे हैं लेकिन दंगों के 21 वर्ष बाद भी उन्हें इन आरोपों से छुटकारा नहीं मिल सका है.

आयोग ने अपनी 339 की रिपोर्ट में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं और दिल्ली के स्थानीय नेताओं के नाम लिए हैं.