http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 27 अक्तूबर, 2005 को 07:10 GMT तक के समाचार

कानपुर में इमारत गिरने से 13 की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक शहर कानपुर में एक इमारत गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज़्यादा घायल हो गए.

समाचार एजेंसी एपी ने पुलिस के हवाले से ख़बर दी कि बुधवार रात को एक दो मंज़िला इमारत में एक गैस सिलेंडर फटने से यह इमारत गिरी.

पुलिस प्रवक्ता सुरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि विस्फोट से यह दो मंज़िला इमारत पूरी तरह ढह गई.

प्रवक्ता ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत भी गंभीर बताई गई है.

भारत के अनेक शहरों में कुछ इमारतें काफ़ी पुरानी हैं. मुंबई में अगस्त 2005 को ऐसी ही एक पुरानी और कमज़ोर इमारत गिरने से 11 लोगों की जान चली गई थी.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ मारे गए लोगों में पाँच बच्चे भी हैं.

काफ़ी व्यस्त इलाक़े में मौजूद इस इमारत में 35 परिवार रहते थे और बताया गया है कि यह इमारत काफ़ी पुरानी और ख़राब हालत में थी.

कानपुर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से क़रीब पचास किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है.