बुधवार, 26 अक्तूबर, 2005 को 12:37 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में हुए एक कार बम विस्फोट में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हुई है और 25 अन्य घायल हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट उस समय हुआ जब सुरक्षाकर्मी श्रीनगर के बाहरी इलाक़े में एक बस में जा रहे थे.
घायलों में पाँच नागरिक भी शामिल हैं और कई घायलों की हालत गंभीर है.
आठ अक्तूबर को आए भूकंप के बावजूद जम्मू कश्मीर में हिंसा की घटनाओं में कमी नहीं आई है.
राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से बारामूला जाने वाली सड़क पर यह विस्फोट हुआ है.
एक पुलिस अधिकारी के हवाले से समाचार एजेंसी एएफ़पी ने कहा है कि अभी घटना के विवरण नहीं मिले हैं और आशंका की हताहतों की संख्या अधिक हो.
जिस बस में सुरक्षाकर्मी थे वह एक काफिला का हिस्सा था.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट की वजह से बस और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं.
हिज़बुल मुजाहिदीन ने इस विस्फोट की ज़िम्मेदारी ली है.
भूकंप के बाद भी जम्मू-कश्मीर में हिंसा की कई घटनाएँ घट चुकी हैं. पिछले ही हफ़्ते राज्य के शिक्षाराज्यमंत्री को एक चरमपंथी ने घर में घुसकर मार दिया था.
इससे पहले जम्मू में चरमपंथियों ने तीन अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की हत्या कर दी थी.