http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 20 अक्तूबर, 2005 को 12:32 GMT तक के समाचार

तालेबान लड़ाकों के शव जलाने की जाँच

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सेना वहाँ कुछ अमरीकी सैनिकों पर तालेबान लड़ाकों के शव जलाने के आरोपों की जाँच करवा रही है.

एक बयान में अमरीकी सेना ने कहा है कि वह दुष्मन की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं के ख़िलाफ़ की गई हरकतों को माफ़ नहीं करेगी.

इस्लाम में शव को जलाना धर्मविरोधी माना जाता है.

ऑस्ट्रेलिया की स्पेशल ब्रॉडकास्टिंग सर्विस ने अमरीकी सैनिकों को दो तालेबान लड़ाकों के शव जलाते और स्थानीय ग्रामीण लोगों को अपशब्द कहते दिखाया.

इस प्रसारण के अनुसार ये घटना कांधार के पास एक गाँव में अक्तूबर माह में रिकॉर्ड की गई.

इस प्रसारण में सैनिकों को ये कहते बताया गया कि उन्होंने शव इसलिए जलाए क्योंकि वे 24 घंटे से ज़्यादा समय तक खुले में पड़े थे जो स्वास्थ्य कारणों से सही नहीं था.

फ़िलहाल इस घटना पर अफ़ग़ानिस्तान की सरकार, मानवाधिकार संस्थाओं और संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.