शुक्रवार, 19 अगस्त, 2005 को 13:45 GMT तक के समाचार
भारत और बांग्लादेश की सीमा पर महानंदा नदी के दोनो ओर, शुक्रवार तड़के दोनो देशों के सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई है.
जिस इलाक़े में गोलीबारी हुई है वह पश्चिम बंगाल के मालदा ज़िले के साथ लगती भारत-बांग्लादेश सीमा पर है.
तनाव तब शुरू हुआ जब भारतीय सुरक्षा बलों ने बांग्लादेशी क्षेत्र में महानंदा नदी के किनारे हो रहे कुछ निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए गोली चलाई.
भारत सरकार इस तरह के निर्माण का यह कहते हुए विरोध कर रही है कि इससे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन होता है.
भारतीय सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ़ के अधिकारियों ने कहा कि उनके विरोध के बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने महानंदा नदी के किनारे निर्माण कार्य शुरू कर दिया.
बीएसएफ़ के अधिकारियों के अनुसार उनके जवानों ने तब गोली चलाई जब बांग्लादेशी क्षेत्र में महानंदा नदी के किनारे क़रीब 300 मज़दूरों ने निर्माण कार्य शुरू किया.
बीएसएफ़ के गोली चलाने पर बांग्लादेश रायफ़ल्स ने भी जवाबी गोली चलाई और लगभग छह घंटे तक दोनों तरफ़ से भारी गोलीबारी जारी रही और बीएसएफ़ के अधिकारियों ने कहा कि कुछ देर के लिए रुक-रुक कर भी गोलीबारी हुई.
बीएसएफ़ के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने अतिरिक्त सुरक्षाबलों की माँग की है क्योंकि लगता है कि बांग्लादेशी अधिकारी यह निर्माण कार्य जारी रखना चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश रायफ़ल्स ने भी मोर्चे पर और बल बुलाए हैं.
बीएसएफ़ ने कहा है कि उसने तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर कुछ सीमावर्ती गाँवों से लोगों को हटा दिया है.
इससे पहले बांग्लादेश रायफ़ल्स ने सीमा के निकट भारतीय क्षेत्र में इसी तरह के निर्माण का विरोध किया था जिससे भारतीय सुरक्षा बल को काफ़ी परेशानी हुई थी.
भारत ने कुछ दिन पहले यह कहते हुए सीमा पर काँटेदार बाड़ लगाने का काम शुरू किया था कि ऐसा अवैध तरीक़े से आने वाले लोगों को रोकने के लिए किया जा रहा है तभी से दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव बना हुआ है.
पिछले एक साल में दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच कई झड़पें हो चुकी हैं.