http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 11 जून, 2005 को 10:07 GMT तक के समाचार

माओवादियों की गोलीबारी, आठ की मौत

नेपाल में एक बस पर माओवादी विद्रोहियों की गोलीबारी में कम से कम आठ लोग मारे गए हैं. इनमें से छह सैनिक और दो आम नागरिक हैं.

राजधानी काठमांडू से 80 किलोमीटर पूर्व कावरे ज़िले में नारके के पास शुक्रवार को यह हादसा हुआ.

नेपाली सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी में 19 सैनिक और दो अन्य नागरिक घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि माओवादी विद्रोहियों की गोलीबारी का सैनिकों ने जवाब दिया.

लेकिन यह पता नहीं चल पाया है कि माओवादियों की ओर से कोई हताहत हुआ है या नहीं. माओवादी विद्रोहियों ने दावा किया है कि गोलीबारी में बड़ी संख्या में सैनिक मारे गए हैं.

इसी सप्ताह सोमवार को एक यात्री बस बारुदी सुरंग की चपेट में आ गई थी जिसमें 38 लोग मारे गए थे. बाद में माओवादियों ने इस हादसे पर खेद जताया था.

उनका कहना था कि उन्होंने बारूदी सुरंग सैनिकों के लिए बिछाई थी लेकिन उसकी चपेट में एक यात्री बस आ गई थी.

माओवादी नेता प्रचंड ने इस हादसे को गंभीर ग़लती बताते हुए कहा था कि विद्रोहियों ने सैनिकों को निशाना बनाना चाहा था.