http://www.bbcchindi.com

रविवार, 15 मई, 2005 को 16:59 GMT तक के समाचार

बांग्लादेश में नौका दुर्घटना, 100 लापता

बांग्लादेश में एक नौका दुर्घटना में 100 से भी अधिक लोगों के लापता होने का समाचार है.

अधिकारियों के अनुसार नौका में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे.

ये दुर्घटना राजधानी ढाका से लगभग 200 किलोमीटर दक्षिण गलाचिपा नामक स्थान पर बूरा गौरांगा नामक नदी में हुई.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि केवल कुछ यात्री तैरकर बच निकलने में सफल रहे या उन्हें बचाया जा सका.

बांग्लादेश जल परिवहन प्राधिकरण के अध्यक्ष रियाज़ हसन खांडकर के अनुसार नौका में अधिकतम 80 यात्रियों को ले जाया जा सकता था.

लेकिन बच निकले लोगों का कहना है कि नौका में 200 से भी अधिक लोग सवार थे.

ऐसे ही एक यात्री अलिउल इस्लाम ने बताया,"दोपहर को अचानक ख़राब मौसम और ज्वार के कारण नौका एक ओर झुकी जिसके बाद लोग घबराकर दूसरी ओर भागे और नौका डूबनी शुरू हो गई".

इस क्षेत्र में सरकारी अधिकारी मेसबाहुद्दिन ने इस बात की पुष्टि की है कि नौका में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे.

लेकिन उन्होंने कहा कि वे निश्चित संख्या नहीं बता सकते क्योंकि नौका में यात्रियों की कोई सूची नहीं थी.

उन्होंने बताया कि बचाव कार्य के लिए एक जहाज़ दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो गया है मगर वह सोमवार सुबह से पहले वहाँ नहीं पहुँच सकता.

बांग्लादेश में अक्सर नौका दुर्घटनाएँ होती हैं और सरकारी तौर पर 1977 के बाद से अब तक लगभग 3000 लोग नौका दुर्घटनाओं में मारे गए हैं.