http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 11 मई, 2005 को 10:32 GMT तक के समाचार

लाहौर-अमृतसर बस की तारीख़ बाद में

भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि अमृतसर-लाहौर बस सेवा शुरू करने की तारीख़ दो महीने बाद घोषित की जाएगी.

दोनों देशों के अधिकारियों के बीच इस बस सेवा को शुरू करने पर मंगलवार को इस्लामाबाद में सहमति हुई थी.

अधिकारियों ने कहा था कि दो दिन की बातचीत के अंतिम दिन बुधवार को बस सेवा की तारीख़ की घोषणा की जाएगी.

मगर बुधवार को एक साझा घोषणापत्र में कहा गया कि दोनों देशों के अधिकारी दो महीने बाद फिर दिल्ली में मिलेंगे.

इसके बाद इस बस सेवा को शुरू करने की तारीख़ और उसके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा.

ये बस सप्ताह में एक दिन चलेगी.

सहमति

बस सेवा शुरू करने पर सहमति दोनों देशों के अधिकारियों के बीच इस्लामाबाद में दो दिन की बातचीत के पहले दिन हुई.

भारतीय दल का नेतृत्व संयुक्त सचिव(परिवहन) आलोक रावत ने किया.

पाकिस्तानी दल ने यातायात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव मोहम्मद अब्बास की अगुआई में बातचीत में हिस्सा लिया.

पहले दिन की बातचीत के बाद अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों ने वार्ता में 10 सूत्री एजेंडा पर चर्चा की.

भारत चाहता था कि बस सेवा इस्लामाबाद के निकट सिखों के तीर्थस्थल ननकाना साहिब से शुरू की जाए.

लेकिन पाकिस्तान का कहना था कि पहले बस को लाहौर से अमृतसर के बीच चलाया जाना चाहिए.

पाकिस्तान के यातायात मंत्री शमीम सिद्दिक़ी ने भारतीय अधिकारियों से मुलाक़ात की और बस सेवा की सफलता के लिए सभी क़दम उठाने का भरोसा दिलाया है.