http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 22 मार्च, 2005 को 04:02 GMT तक के समाचार

पाकिस्तानियों को पहुँचने पर वीज़ा

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह पहली अप्रैल से पाकिस्तान से आने वाले बच्चों और बूढ़ों को भारत पहुँचने पर एक महीने का वीज़ा दे देगा.

यह योजना 12 साल से कम उम्र के बच्चों और 65 साल से अधिक उम्र के बुज़ुर्गो लोगों के लिए लागू होगी.

पहुँचने पर वीज़ा पाने की इस योजना का लाभ उन्हें ही मिल सकेगा जो ट्रेन से यात्रा करके भारत आएँगे.

यानी विमान से यात्रा करने वालों को यह सुविधा नहीं मिल सकेगी.

वीज़ा भारत के पंजाब राज्य के अटारी स्टेशन पर ही दे दिया जाएगा जहाँ पाकिस्तान से आने वाली ट्रेन रुकती है.

दोनों देशों के बीच हो रहे संबंधों में सुधार की यह एक और कड़ी है. दोनों ही देशों ने रिश्ते सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण क़दम उठाने की घोषणा की है.

इसमें दोनों ओर के विवादित कश्मीरों को जोड़ने वाली बस सेवा को शुरु करना भी शामिल है जो अगले महीने सात अप्रैल से शुरु होने जा रही है.