http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 12 मार्च, 2005 को 06:56 GMT तक के समाचार

आंध्र प्रदेशः नक्सली हमले में सात मरे

आंध्र प्रदेश में नक्सलवादियों ने एक पुलिस स्टेशन पर शुक्रवार की रात हमला किया जिसमें सात लोग मारे गए हैं. इसमें चार पुलिसवाले शामिल हैं.

नक्सलवादियों का कहना है कि उन्होंने यह हमला सोमवार को पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया है जिसमें 10 विद्रोही मारे गए थे.

पुलिस का कहना है कि लगभग 40 नक्सलवादियों ने गुंटूर ज़िले के चिलकालुरिपेटा पुलिस स्टेशन पर शुक्रवार की रात हमला किया.

नक्सलवादियों ने उस क्षेत्र के इंस्पेक्टर को पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी.

इस दौरान हुई गोलीबारी में तीन अन्य पुलिसकर्मी और तीन नागरिक भी मारे गए.

पुलिस का कहना है कि हमलावर दो वाहनों में आए थे और उन्होंने बम फेंके और गोलीबारी की.

कार्रवाई का विरोध

नक्सलवादियों ने हमले के बाद निज़ामाबाद ज़िले में पुलिस कार्रवाई के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की.

पुलिस की इस कार्रवाई में 10 नक्सलवादी मारे गए थे जिसमें से दो वरिष्ठ विद्रोही नेता भी थे.

मारे गए लोगों में सीपीआई माओवादी के नेता रमेश हैं जिन्हें वेंकटस्वामी के नाम से भी जाना जाता था. वे निज़ामाबाद ज़िला कमेटी के सदस्य और तेलंगाना स्पेशल ज़ोन कमेटी के सदस्य थे.

इसके अलावा निज़ामाबाद ज़िला समिति के सदस्य बबान्ना और स्क्वैड कमांडर परवीन और तीन महिलाओं की मौत हुई थी.

जनवरी में सरकार और नक्सलियों के बीच चल रही वार्ता टूटने के बाद से यह सबसे बड़ी मुठभेड़ थी.

सरकार से बातचीत टूट जाने के बाद से नक्सली हिंसा में लगभग 100 लोग मारे गए हैं.