http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 19 फ़रवरी, 2005 को 06:16 GMT तक के समाचार

पप्पू यादव को तिहाड़ लाया गया

बिहार की मधेपुरा लोकसभा सीट के चर्चित सांसद पप्पू यादव को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना की बेऊर जेल से दिल्ली की तिहाड़ जेल में लाया गया है.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राजेश रंजन यानी पप्पू यादव को एक हफ़्ते के भीतर तिहाड़ लाया जाए.

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता अजीत सरकार की हत्या के मामले में वे जेल में हैं.

पप्पू यादव ने लालू यादव के मधेपुरा लोकसभा सीट छोड़ने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर वहाँ से चुनाव जीता था मगर पिछले दिनों उन्होंने लालू यादव की पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी.

सुप्रीम कोर्ट के एक पीठ ने कहा था पप्पू यादव पर चल रहे आपराधिक मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए पटना में ही होती रहेगी.

गत 18 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट द्वारा दी गई ज़मानत को रद्द कर दिया था.

पप्पू यादव पर कई आपराधिक मामले चल रहे हैं और उन पर आरोप था कि वे जेल से ही मोबाइल फ़ोन के ज़रिए कई असंवैधानिक कार्य कर रहे थे और बीमार होने पर अस्पताल में उन्हें कथित तौर पर पाँच सितारा सुविधाएँ दी जा रही थीं.

इससे पहले दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय जाँच ब्यूरो सीबीआई से पूछा था कि पप्पू यादव को कहाँ रखा जाए जिससे जेल के भीतर उनकी असंवैधानिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके.

अदालत ने पप्पू यादव को दी जा रही सुविधाओं पर भी नाराज़गी जताई थी.