http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 09 फ़रवरी, 2005 को 05:36 GMT तक के समाचार

अनाथ बच्चे का डीएनए परीक्षण

श्रीलंका में सूनामी के बाद अनाथ हुई उस दुधमुंहे बच्चे का डीएनए परीक्षण किया जा रहा है जिसके माता पिता होने का दावा कई परिवार कर रहे हैं.

पिछले महीने 26 दिसंबर को हिंद महासागर में आई सूनामी लहरों में यह बच्चा बच गया था और अब इसे बेबी 81 नाम दिया गया है.

बेबी 81 के अभिभावक होने का दावा नौ परिवार कर रहे हैं और इनमें से एक परिवार ने अदालत में मामला भी दायर कर दिया है.

इस पूरे विवाद के बाद बुधवार को कोलंबो की एक अस्पताल में बेबी 81 का डीएनए परीक्षण किया गया.

अदलात में मामला दायर करने वाले परिवार के सदस्य मुरुगुपिल्लै और जुनिथा जयराज के डीनए नमूने भी लिए गए हैं.

इन परीक्षणों के परिणाम एक हफ्ते में आएंगे.

बेबी 81 मात्र चार माह की है और अदालत ने उसकी देखभाल के लिए मोहम्मद नज़ीर को नियुक्त किया है. नज़ीर इस बच्ची को लेकर कोलंबो से 300 किलोमीटर दूर कलमुनाई में रहते हैं.

नज़ीर डीएनए परीक्षण के लिए बेबी 81 को अस्पताल लेकर आए थे.

पुलिस सुरक्षा

बेबी 81 को पूरी पुलिस सुरक्षा में अस्पताल लाया गया था.

बेबी 81 को यह नाम मिलने की कहानी भी दिलचस्प है. सूनामी वाले दिन कलमुनाई के अस्पताल में लाई जाने वाली वह 81 वीं मरीज़ थीं. बस उसे यही नाम दिया गया क्योंकि चार माह की बच्ची अपना नाम कैसे बताती.

सूनामी की लहरों ने दो लाख से अधिक लोगों की जान ली थी.