रविवार, 30 जनवरी, 2005 को 02:01 GMT तक के समाचार
हिंद महासागर में सूनामी चेतावनी प्रणाली के समन्वय केंद्र की स्थापना को लेकर 50 देशों और विभिन्न संगठनों की ओर से जुटे प्रतिनिधियों के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं.
थाईलैंड ने प्रस्ताव रखा था कि उसकी राजधानी बैंकाक में यह केंद्र बनाया जाए लेकिन इंडोनेशिया और भारत ने इसका कड़ा विरोध किया.
बाद में देशों में छोटे छोटे क्षेत्रीय केंद्रों की स्थापना पर सहमति बन गई.
पिछले महीने सूनामी लहरों से थाईलैंड, इंडोनेशिया, श्रीलंका और भारत समेत इस क्षेत्र के कई देशों में तबाही मची थी जिसमें ढाई लाख से अधिक लोग मारे गए.
इस घटना के बाद ही सभी देशों ने चेतावनी प्रणाली संबंधी समन्वय केंद्र बनाने का फैसला किया.
संवाददाताओं का कहना है कि समन्वय में मुश्किल आ रही हैं क्योंकि सभी देश अपना फायदा देखने में लगे हैं.
समन्वय केंद्र की स्थापना को लेकर इंडोनेशिया, भारत और थाईलैंड के बीच मतभेदों के बाद फैसला किया गया कि संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी इंटरनेशनल ओसियानोग्राफिक कमीशन समन्वय का कामकाज देखेगी.