शुक्रवार, 21 जनवरी, 2005 को 02:19 GMT तक के समाचार
भारतीय सैनिक अधिकारी नियंत्रण रेखा पर इस सप्ताह दूसरी बार भारतीय सैनिकों पर गोलीबारी की रिपोर्ट की जाँच कर रहे हैं.
पाकिस्तान ने इस बार भी गोलीबारी से इनकार किया है.
एक वरिष्ठ सैनिक अधिकारी ने कहा है कि जम्मू से पश्चिमोत्तर 180 किलोमीटर दूर भारतीय सैनिकों पर गोलीबारी हुई.
मंगलवार को भारत ने कहा था कि पाकिस्तानी इलाक़े से उसके क्षेत्र में मोर्टार से 12 गोले दाग़े गए. लेकिन पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है.
भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा पर नवंबर 2003 से संघर्ष विराम लागू है. संघर्ष विराम लागू होने के बाद से भारत और पाकिस्तान के संबंध सुधरे हैं.
पिछले साल की शुरुआत में तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान का दौरा किया था. उसी समय से दोनों देशों के बीच शांति वार्ता चल रही है.
गोलीबारी
मंगलवार को हुई गोलाबारी के बाद दोनों देशों के वरिष्ठ सैनिक कमांडरों ने बातचीत की और व्यापक जाँच कराने की भी घोषणा की थी. अब एक बार फिर गोलीबारी होने की रिपोर्ट आई है.
भारतीय सेना के ब्रिगेडियर ध्रुव कटोच ने कहा कि भारतीय सैनिकों पर 15 मिनट तक छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई.
उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही किसी तरह का नुक़सान हुआ है.
ब्रिगेडियर कटोच ने कहा, "अभी किसी को ज़िम्मेदार ठहराना जल्दबाज़ी होगी. क्योंकि कभी-कभी चरमपंथी भी छोटे मोर्टार और मशीनगन से गोलीबारी करते हैं."
लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यह असंभव सी बात है कि पाकिस्तान की ओर से सेना की जानकारी के बिना कोई नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी नहीं कर सकता.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब भारतीय अधिकारियों ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि दोनों देशों को कश्मीर में तनाव नहीं बढ़ने देना चाहिए.
भारत के रक्षा मंत्री प्रणव मुखर्जी ने कहा कि दोनों पक्ष आपस में भरोसा बढ़ाने वाले क़दमों को लेकर प्रतिबद्ध हैं.