http://www.bbcchindi.com

प्रभावित राज्यों को सहायता का भरोसा

भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन सभी प्रभावित राज्यों को समुचित सहायता का आश्वासन दिया है जहाँ इंडोनेशिया में आए भूकंप के बाद समुद्र में उठे उफान के कारण भारी तबाही हुई है.

प्रधानमंत्री ने रक्षा और गृह मंत्री से कहा है कि प्रभावित लोगों तक राहत कार्य पहुँचाने की व्यवस्था की जाए.

सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है तमिलनाडु. जहाँ एक हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और बड़ी संख्या में लोग लापता हैं. तमिलनाडु के अलावा आँध्र प्रदेश, केरल और अंडमान निकोबार सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं.

निगरानी

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैंने प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है और उन्हें राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए समुचित केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया है."

प्रधानमंत्री ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया. वे सुबह से ही सारी स्थितियों पर नज़र रखे हुए थे.

उन्होंने बताया कि कैबिनेट सचिव बीके चतुर्वेदी ने आपदा प्रबंधन ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक की है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कैबिनेट सचिव और अन्य सदस्य स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं.

उन्होंने बताया कि सेना और अर्धसैनिक बलों को भी राहत और बचाव कार्य में लगा दिया गया है. प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इंडोनेशिया, श्रीलंका और अन्य देशों में भी जान-माल के नुक़सान पर दुख व्यक्त किया.