मंगलवार, 30 नवंबर, 2004 को 13:37 GMT तक के समाचार
कोलकाता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी पार्टी तृणमूल कॉंग्रेस की गुरूवार को बुलाई गई हड़ताल को अवैध घोषित कर दिया है.
अदालत ने तृणमूल कॉंग्रेस से कहा है कि वह अपनी हड़ताल वापस ले ले.
मगर पार्टी नेता ममता बनर्जी ने कहा है कि हड़ताल वापस नहीं होगी और प्रदेश के लोग इसे सफल बनाएँगे.
पार्टी ने ये हड़ताल केंद्र और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के प्रति विरोध जताने के लिए बुलाई है.
पार्टी मुख्य रूप से पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का विरोध कर रही है.
मगर मंगलवार को कोलकाता उच्च न्यायालय ने कहा कि यह हड़ताल सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है.
पश्चिम बंगाल में एक पखवाड़े में किसी पार्टी की ओर से बुलाई गई ये तीसरी हड़ताल है.
राज्य में औसतन हड़ताल के कारण हर साल 50 से 60 दिन काम का नुकसान होता है.