बुधवार, 17 नवंबर, 2004 को 00:47 GMT तक के समाचार
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दो दिन के कश्मीर दौरे पर श्रीनगर पहुँच गए हैं.
उनके दौरे से कुछ घंटे पहले ही चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच एक मुठभेड़ हुई है.
बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन के अनुसार दो चरमपंथियों ने शहर के एक स्टेडियम से थोड़ी ही दूर एक पहाड़ी पर मोर्चा बनाया हुआ था.
अधिकारियों का कहना है कि बुधवार तड़के पुलिस के एक गश्ती दल ने चरमपंथियों को देखा और उसके बाद से ही दोनों तरफ़ से गोलीबारी हो रही है.
बीबीसी संवाददाता के अनुसार मनमोहन सिंह के दौरे से पहले राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल चुस्त कर दी गई थी मगर चरमपंथी सेंध लगाने में कामयाब हो गए.
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बुधवार से जम्मू कश्मीर का दो दिन का दौरा कर रहे हैं.
दौरा
प्रधानमंत्री के रूप में मनमोहन सिंह का ये पहला कश्मीर दौरा है.
दौरे के ठीक पहले उन्होंने सीमा पर सैनिकों की कटौती की महत्वपूर्ण घोषणा की है और इसकी प्रक्रिया भी बुधवार से ही शुरू हो रही है.
पिछले 16 वर्षों में राज्य का दौरा करनेवाले वे पहले कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं.
उन्होंने पिछले दिनों आँध्र प्रदेश के दौरे के दौरान अपनी कश्मीर यात्रा के बारे में कहा था कि वे वहाँ के लोगों के 'दिल और दिमाग़' तक पहुँचने के इरादे से जा रहे हैं.
आमतौर पर भारतीय प्रधानमंत्री राज्य के दौरे के समय किसी ख़ास योजना की घोषणा किया करते रहे हैं मगर इस बार उनकी यात्रा से ऐसी कोई उम्मीद नहीं लगाई जा रही.
मक़सद
ऐसी संभावना है कि उनके दौरे में मुख्यतः राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए दीर्घकालीन उपायों पर चर्चा होगी.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ दौरे में स्थानीय नेता और संसदीय कार्यमंत्री ग़ुलाम नबी आज़ाद और कश्मीर पर केंद्र के वार्ताकार एन एन वोहरा भी शामिल रहेंगे.
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अप्रैल में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कश्मीर दौरे के समय पाकिस्तान से संबंध बेहतर करने की पेशकश की थी जिसे दोस्ती का हाथ बताया गया था.
उनकी इस पहल के बाद ही भारत और पाकिस्तान के बीच शांति प्रक्रिया को बहाल करने की कोशिशें शुरू हो पाई थीं.
वाजपेयी ने 18 अप्रैल 2003 को श्रीनगर में एक आमसभा को भी संबोधित किया था और 16 वर्षों के अंतराल के बाद वहाँ आमसभा करनेवाले वे पहले प्रधानमंत्री थे.
मनमोहन सिंह भी श्रीनगर में उसी जगह से एक रैली को संबोधित करेंगे.