शुक्रवार, 08 अक्तूबर, 2004 को 01:28 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में चुनाव से एक दिन पहले अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के मुख्यालय के निकट ज़बरदस्त धमाका हुआ है.
लेकिन धमाके में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है. अधिकारियों के अनुसार गठबंधन सेना के मुख्यालय पर रॉकेट से हमला किया गया.
इसके तुरंत बाद एक रॉकेट जर्मनी के दूतावास के बाहर आकर गिरा, लेकिन इसमें धमाका नहीं हुआ.
नाकेबंदी
विस्फोट के बाद अमरीकी और अफ़ग़ान सैनिकों ने इस इलाक़े की नाकेबंदी कर दी है.
अफ़ग़ानिस्तान में शनिवार को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होगा. अफ़ग़ानिस्तान की सरकार का कहना है कि उसे पूरा भरोसा है कि मतदान में कोई रुकावट नहीं आएगी.
वैसे तालेबान लड़ाकों ने लोगों को चुनाव में हिस्सा न लेने की चेतावनी दी थी.
राष्ट्रपति पद की दौड़ में अंतरिम राष्ट्रपति हामिद करज़ई सहित 18 उम्मीदवार मैदान में हैं. लेकिन माना जा रहा है कि चुनाव में करज़ई का पलड़ा भारी है.
अफ़ग़ानिस्तान में स्थिरता और चुनाव के दौरान सुरक्षा प्रदान करने के लिए इस समय वहाँ उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) के क़रीब नौ हज़ार सैनिक मौजूद हैं.
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के भी 18 हज़ार सैनिक मौजूद हैं.