बुधवार, 18 अगस्त, 2004 को 17:05 GMT तक के समाचार
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में स्थानीय अदालत ने उन पाँच महिलाओं को ज़मानत पर रिहा कर दिया है जिन पर अदालत के भीतर ही एक अभियुक्त की हत्या करने का आरोप है.
इन महिलाओं की रिहाई के लिए नागपुर में अदालत के बाहर लगभग पाँच सौ महिलाओं और बच्चों ने अदालत के बाहर धरना दिया और नारे लगाए.
इन पाँच महिलाओं पर आरोप है कि वे उस भीड़ में शामिल थीं जिसने पिछले सप्ताह अदालत के भीतर ही अक्कू यादव नाम के अभियुक्त की चाकू मारकर हत्या कर दी थी.
मंगलवार को इन महिलाओं की ज़मानत की अर्ज़ी ख़ारिज कर दी गई और उन्हें एक दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
नागपुर शहर के कई वकील इन महिलाओं को ज़मानत दिलाने में लगे थे, यहाँ तक कि वकीलों ने भी अदालत के काम में बाधा डाली और कई घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने इन महिलाओं की रिहाई की ज़ोरदार माँग की.
वहाँ मौजूद महिलाओं का कहना था कि बलात्कार के अभियुक्त अक्कू यादव की हत्या कोई गुनाह नहीं है और उसके लिए किसी को सज़ा नहीं मिलनी चाहिए.
नागपुर में अदालत के बाहर मौजूद एक महिला कार्यकर्ता वी चंद्रा ने कहा कि इससे अपराधियों और अक्षम न्याय व्यवस्था दोनों को सबक मिलेगा.