शुक्रवार, 06 अगस्त, 2004 को 08:36 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान का कहना है कि वह भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पूर्वजों के गाँव गाह को एक आदर्श गाँव बनाएगा.
पाकिस्तान सरकार का कहना है कि ये दोनो देशों के बीच सद्भावना का प्रतीक होगा और इससे दोनो देशों के रिश्ते मज़बूत होंगे.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार का ये फ़ैसले उनके दिल को छू गया है और वे इसकी कदर करते हैं.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जन्म पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित गाह गाँव में सन 1932 में हुआ था.
पाकिस्तान सरकार के एक बयान में कहा गया है कि गाह गाँव को बेहतर सड़कें बनाकर अन्य जगहों से जोड़ा जाएगा.
ये भी घोषणा की गई है कि गाँव का प्राइमरी स्कूल अब मनमोहन सिंह प्राइमरी स्कूल कहलाएगा.
देश के बँटवारे से पहले मनमोहन सिंह गाह में उस स्कूल में पढ़े थे.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पिता मेवों का कारोबार किया करते थे.
देश के विभाजन से कुछ समय पहले उनके पिता ने अपने परिवार के सदस्यों को अमृतसर भेज दिया था और 1947 में वे ख़ुद भी वहाँ चले गए.