गुरुवार, 15 जुलाई, 2004 को 11:54 GMT तक के समाचार
बिहार और असम में बाढ़ की स्थिति बिगड़ती जा रही है.
दोनों राज्यों में अब तक कम से कम 50-50 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
इस बीच बिहार की बागमति नदी में एक नाव के डूब जाने के बाद से 20 लोग लापता हैं.
बाढ़ ने अकेले बिहार में ही लगभग एक करोड़ लोगों को प्रभावित किया है.
बिहार का कहर उत्तरी बिहार में सबसे अधिक है और अब तक 16 ज़िले इसकी चपेट में आ चुके हैं.
अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ की स्थिति सात ज़िलों में ज़्यादा गंभीर है और कुल मिलाकर राज्य में लगभग एक करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं.
दरभंगा में बाढ़ का पानी ज़िला जेल में घुस गया इसके बाद वहाँ से 34 क़ैदी फ़रार हो गए.
बिहार में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पहले ही सेना बुला ली गई थी.
इस समय चार सौ सैनिक छह हेलिकॉप्टरों की मदद से राहत और खाद्य सामग्री पहुँचा रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बाढ़ प्रभावित सीतामढ़ी, शिवहर और दरभंगा ज़िलों का हवाई सर्वेक्षण किया है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाएँ. उन्होंने कहा है इसके लिए संसाधनों की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा.
नाव डूबी
राज्य के प्रशासनिक अधिकारी अमृतलाल मीणा ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया है कि इस नाव में 30 लोग सवार थे जिनमें से 10 लोग तो तैरकर किनारे आ गए लेकिन बाक़ी लोग तेज़ धार के साथ बह गए.
हालांकि पुलिस का कहना है कि नदी में पानी बढ़ता जा रहा है और यह पता लगा पाना मुश्किल है कि कितने लोग डूब गए.
असम
समाचार एजेंसियों का कहना है कि असम में बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में राहत सामग्री न पहुँच पाने से भुखमरी और बीमारियों का ख़तरा नज़र आने लगा है.
अधिकारियों का कहना है कि इस बाढ़ से असम में जितना नुक़सान हो रहा है उससे उबरने में कई बरस लग सकते हैं.
ख़बरें हैं कि इस समय असम के 27 में से 24 ज़िले बाढ़ से प्रभावित हैं.