http://www.bbcchindi.com

रविवार, 23 मई, 2004 को 07:45 GMT तक के समाचार

कश्मीर में विस्फोट में 33 की मौत

भारतीय कश्मीर में बारूदी सुरंग के ज़रिए हुए एक विस्फोट में 33 लोग मारे गए हैं.

मारे गए लोगों में सैनिक, महिलाएँ और बच्चे शामिल हैं.

मनमोहन सिंह सरकार ने इस हमले की निंदा की है.

प्रधानमंत्री की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है, "जम्मू-कश्मीर में लगातार जारी हिंसा इस बात का सूचक है कि देश की अखंडता और प्रगति को आतंकवाद का ख़तरा है."

कश्मीर में विस्फोट की तस्वीरें

सीमा सुरक्षा बल के उपमहानिरीक्षक के श्रीनिवासन के अनुसार श्रीनगर और जम्मू को जोड़ने वाली सड़क पर ये विस्फोट तब हुआ जब बल के वाहनों का एक काफ़िला वहाँ से गुज़र रहा था. ये विस्फोट रिमोट कंट्रोल के ज़रिए किया गया.

विस्फोट के बाद बस में आग लग गई.
 जम्मू-कश्मीर में लगातार जारी हिंसा इस बात का सूचक है कि देश की अखंडता और प्रगति को आतंकवाद का ख़तरा है
 
मनमोहन सिंह, प्रधानमंत्री

हिज़बुल मुजाहिदीन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

ये दुर्घटना श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर दूर मुंडा नाम की जगह पर हुई है.

इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाक़े की नाकाबंदी कर दी है और राजमार्ग पर यातायात रुक गया है.

उपमहानिरीक्षक ने इस हमले के लिए इस्लामी चरमपंथियों को दोषी ठहराया है.
कश्मीर में विस्फोट
विस्फोट में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए

बस में कुल 33 लोग सवार थे और बचे हुए लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं.

शवों को हटाने और घायलों को लाने के लिए सेना के हेलिकॉप्टर रवाना कर दिए गए हैं.

विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि सेना की बस पीछे आ रही एक आम बस से टकरा गई और तीन लोग इससे भी घायल हो गए.

ये हमला केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बनी नई सरकार के शपथ ग्रहण के एक दिन बाद हुआ है और प्रधानमंत्री सिंह कश्मीर का शांतिपूर्ण हल निकालने की बात कह चुके हैं.