http://www.bbcchindi.com

वज़ीरिस्तान में सैनिक कार्रवाई जारी

पाकिस्तान में अफ़ग़ानिस्तान सीमा के पास दक्षिण वज़ीरिस्तान में अल क़ायदा और तालेबान के संदिग्ध लड़ाकों के ख़िलाफ़ एक बड़ा सैनिक अभियान चलाया जा रहा है.

संभावना व्यक्त की गई है कि इस अभियान में अल क़ायदा के एक बड़े नेता को घेर लिया गया है.

अटकलें लगाई जा रही हैं कि ये नेता अयमन अल ज़वाहिरी भी हो सकते हैं.

अल क़ायदा में नंबर दो नेता समझे जानेवाले अयमन अल ज़वाहिरी ओसामा बिन लादेन के करीबी माने जाते हैं.

लेकिन सैन्य अधिकारियों ने इन ख़बरों की पुष्टि नहीं की कि जिस नेता को घेरा गया है वे अयमन अल ज़वाहिरी हैं.

दोनों तरफ़ से भारी गोलीबारी होने की ख़बरे हैं और सैनिक हेलीकॉप्टरों की भी मदद ले रहे हैं.

इलाक़े के क़बायली लोगों को वहाँ से चले जाने के लिए कह दिया गया है.

इससे पिहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने अमरीकी टेलीविज़न चैनल सीएनएन से बात करते हुए इस बारे में चर्चा की.

उन्होंने बताया कि दक्षिण वज़ीरिस्तान नाम के इलाक़े में पाकिस्तानी सेना ने अल क़ायदा के लड़ाकों के साथ एक मुठभेड़ के दौरान इस नेता को घेर लिया है.

उन्होंने कहा कि अल क़ायदा के लोग जिस तरह से सैनिकों का विरोध कर रहे हैं उससे पता चलता है कि वे किसी बहुत बड़े नेता को बचा रहे हैं.

मुशर्रफ़ ने कहा, "वे ज़बरदस्त विरोध कर रहे हैं जिससे हमारे कमांडर को पूरा भरोसा है कि वहाँ उनका कोई बहुत ही महत्वपूर्ण नेता मौजूद है."

मगर पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने ये बताने से इनकार कर दिया कि ये नेता कौन हो सकता है.

अयमन अल ज़वाहिरी मूल तौर पर मिस्र के निवासी हैं और वे काफ़ी समय से ओसामा बिन लादेन के सहयोगी रहे हैं और माना जाता है कि कई बड़े हमलों की साज़िश में उनका हाथ रहा है.