|
पाकिस्तान में पतंगबाज़ी के दौरान नौ मरे | ||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
पाकिस्तान के लाहौर शहर में पतंगबाज़ी के सालाना उत्सव में कम-से-कम नौ लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हो गए हैं. बसंत नाम के इस वार्षिक उत्सव में हर साल हादसे होते रहते हैं. इस बार भी तीन लोग तब मारे गए जब उनकी पतंगों से लगे तार बिजली के तार से जा सटे जिससे उन्हें बिजली का झटका लग गया. वहीं एक लड़की का गला एक पतंग की डोर से कट गया. कम-से-कम दो और लोग पतंग उड़ाते वक़्त छत से नीचे गिर पड़े. इसके अलावा बताया जा रहा है कि दो और लोग पतंग लूटते वक़्त सड़क पर गाड़ियों से धक्का लग जाने से मारे गए. एजेंसी ख़बरों के अनुसार पतंगबाज़ी के कारण लगभग 100 लोग घायल भी हो गए जिनमें 40 बच्चे हैं. प्रतियोगिता लाहौर में हर साल होनेवाले पतंग उत्सव में एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए मुक़ाबला बढ़ता ही जा रहा है. लोग दूसरों की पतंग काटने के लिए अपने धागों पर सीसे लगाते हैं या फिर कोई तार लपेट देते हैं जिनपर रसायन लगे होते हैं. वैसे अधिकारियों ने धागों को तेज़ करने की ऐसी कोशिशों पर पाबंदी लगा रखी है मगर लगता नहीं कि इनका कोई असर पड़ा है. हर साल ये आयोजन और बड़ा होता जा रहा है और हज़ारों की संख्या मे इस दिन लोग लाहौर में जुटते हैं. उत्सव का व्यावसायिक इस्तेमाल भी हो रहा है और इस दिन घरों की छतें किराए पर भी मिला करती हैं. |
| ||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||