http://www.bbcchindi.com

मस्जिद पर हमले में 15 लोग घायल

जम्मू में जुमे के नमाज़ अदा कर रहे लोगों पर ग्रेनेड फेंका गया जिससे 15 लोग घायल हो गए हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनमें से दो की हालत गंभीर है.

जम्मू के लखदाता बाज़ार में लोग शुक्रवार की नमाज़ के लिए छोटी मस्जिद में जमा थे.

भीड़ के कारण इनमें से कुछ लोग छत पर भी मौजूद थे.

इस दौरान किसी ने छत पर ग्रेनेड फेंका जिससे अनेक लोग घायल हो गए.

घायलों को जम्मू के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.

अभी तक किसी ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

पुलिस ने इस इलाक़े की घेराबंदी कर दी है.

छह जनवरी को भारत और पाकिस्तान के नेताओं की मुलाक़ात के बाद हमले की ये पहली घटना है.

कुछ दिनों पहले चरमपंथियों ने जम्मू के मुख्य रेलवे स्टेशन पर हमला किया था.

जिसमें चार सुरक्षाकर्मी और दो चरमपंथी मारे गए थे.