http://www.bbcchindi.com

वाजपेयी पाकिस्तान पर जमकर बरसे

समाचार माध्यमों के अनुसार भारत के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है.

पाकिस्तान की ओर से कश्मीरियों के लिए आत्मनिर्णय की बात पर प्रधानमंत्री वाजपेयी ने कहा कि पहले राष्ट्रपति मुशर्रफ़ अपने देशवासियों को तो इच्छानुसार फ़ैसले करने का अधिकार दे दें.

प्रधानमंत्री वाजपेयी ने ये विचार बैंकॉक में भारतीय समुदाय को संबोधित करने हुए व्यक्त किए.

कश्मीर एक सिरदर्द

समाचार माध्यमों के अनुसार प्रधानमंत्री वाजपेयी ने कहा, "हम पहले ये जानना चाहते हैं कि पाकिस्तान के लोग क्या चाहते हैं? क्या पाकिस्तान में सेना तख़तापलट जनता की राय से करती है?"

प्रधानमंत्री वाजपेयी ने कहा कि कश्मीर मसला भारत की स्वतंत्रता के समय ही सुलझा लिया जाना चाहिए था.

उनका कहना था कि उस समय पाकिस्तान का कश्मीर के एक हिस्से में कब्ज़ा रहने देना ग़लत था और इसीलिए ये अब एक सिरदर्द बन गया है.

समाचार एजेंसियों के अनुसार पिछले साल भड़के गुजरात दंगों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि हिंसा का जवाब हिंसा नहीं हो सकता.

प्रधानमंत्री वाजपेयी ने कहा कि जो गोधरा में हुआ वह बुरा था और जो उसके बाद हुआ वह उससे भी बुरा था.