शनिवार, 21 मार्च, 2009 को 09:28 GMT तक के समाचार
ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला ख़ामनेई ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि ईरान के प्रति अमरीकी नीति में वास्तव में कोई बदलाव आया है.
ईरान के साथ 'संबंधों की नई शुरुआत' के अमरीकी राष्ट्रपति के ताज़ा प्रस्ताव पर ख़ामनेई ने कहा कि ईरान अपना रुख़ तभी बदलेगा जब अमरीका उनके देश के प्रति अपने नज़रिए में बदलाव लाएगा.
अमरीकी राष्ट्रपति बराक़ ओबामा ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश में कहा था कि ईरान के साथ अमरीका संबंधों की 'नई शुरुआत' करना चाहता है.
ईरान के परमाणु कार्यक्रमों के जारी रखने की वजह से अमरीका और ईरान के रिश्तों में कटुता है. अमरीका कहता आया है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रमों की आड़ में परमाणु हथियार बनाना चाहता है जबकि ईरान इससे इनकार करता है.
ईरानी टेलीविज़न पर प्रसारित ख़ामनेई के भाषण में कहा गया है कि सिर्फ़ बातों से ही काम नहीं चलेगा.
भाषण में ख़ामनेई ने कहा, "अमरीका की नई सरकार और राष्ट्रपति के साथ हमारा कोई अनुभव नहीं है. हम उन्हें देखेंगे और परखेंगे."
ओबामा का ये संदेश जॉर्ज बुश के शासनकाल से नाटकीय तौर पर अलग है. बुश प्रशासन ईरान को 'दुष्टता की धुरी' मानता था.
इस साल की शुरुआत में ओबामा ने कहा था कि वो ईरान से संबंधों को बेहतर करना चाहता है हालांकि ओबामा ने ये बात स्वीकार की है कि अतीत की कटुता को भुलाना आसान नहीं होगा.