http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 21 फ़रवरी, 2009 को 02:39 GMT तक के समाचार

ईरान को लेकर अमरीका फिर चिंतित

अमरीका ने चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा है कि परमाणु अप्रसार को लेकर अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा प्रतिबंधों के बावजूद ईरान यूरेनियम संवर्धन कर रहा है.

अमरीका ने कहा है कि ईरान ने यह साबित करने का एक और अवसर गँवा दिया है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कार्यों के लिए है और पश्चिमी देशों को इस मुद्दे पर अविलंब ध्यान देना चाहिए.

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा था कि ईरान के पास उससे कहीं अधिक संवर्धित यूरेनियम का भंडार है जितना कि पहले सोचा गया था.

इसी रिपोर्ट में कहा गया था कि ईरान अब भी यूरेनियम संवर्धन कर रहा है हालांकि अब इसकी रफ़्तार धीमी है.

यूरेनियम संवर्धन परमाणु बम बनाने की प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है.

चिंता

अमरीका ने संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि ईरान ने एक अवसर गँवा दिया है.

अमरीका ने ईरान पर आरोप लगाया है कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय से किए गए अपने वादे को पूरा नहीं कर रहा है.

साथ ही अमरीका ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चेतावनी दी है कि हो सकता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम सिर्फ़ शांतिपूर्ण कार्यों के लिए न हो.

राष्ट्रपति बराक ओबामा प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा है कि अमरीका और उसके सहयोगी देश इस विषय पर देरी नहीं कर सकते क्योंकि यह मसला महत्वपूर्ण है.

बीबीसी के वॉशिंगटन संवाददाता का कहना है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि वे ईरान के साथ कूटनीतिक स्तर पर बातचीत चाहते हैं लेकिन आईएईए की रिपोर्ट ने इसे कठिन बना दिया है.