http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 10 फ़रवरी, 2009 को 02:07 GMT तक के समाचार

ओबामा ने पैकेज को लेकर चेताया

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कांग्रेस से अपने 800 अरब डॉलर के आर्थिक सहायता पैकेज को पारित करने का अनुरोध किया है.

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इसमें देरी की गई तो इससे स्थिति बिगड़ सकती है.

व्हाइट हाउस में अपनी पहली प्राइम टाइम पत्रकारवार्ता में ओबामा ने कहा कि अमरीकी नौकरियों पर जो संकट आया है, सरकार ही उससे पार पा सकती है.

उनका कहना था कि उनकी योजना से 40 लाख नौकरियों पैदा होंगी और अर्थव्यवस्था को गति पकड़ने में मदद मिलेगी.

उल्लेखनीय है कि अमरीकी की प्रतिनिधि सभा इसे पारित कर चुकी है और मंगलवार को सीनेट में इस पर मतदान होना है.

दोनों सदनों में आर्थिक पैकेज का स्वरूप अलग है और उन्हें पैकेज पर एक राय कायम करनी होगी.

राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि इसे पारित करना बेहद ज़रूरी है क्योंकि अमरीका पिछले 60 साल में ऐसा संकट नहीं आया है.

राष्ट्रपति ओबामा चाहते हैं कि राहत पैकेज जल्द से जल्द पास हो ताकि अर्थव्यवस्था की लगातार गिरती सेहत को कुछ संभाला जा सके.

पहला अहम क़दम

राष्ट्रपति का पदभार सँभालने के बाद ओबामा का ये पहला बड़ा क़दम है.

ओबामा ने राहत पैकेज को जल्द पारित कराने की कई अपीलें की हैं, लेकिन अभी तक इसे पारित नहीं किया जा सका है.

इसके पहले ओबामा ने देश में मंदी के बुरे दौर के बावजूद कुछ वित्तीय संस्थानों और बैंकों के अपने अधिकारियों को अरबों का बोनस दिए जाने की कड़ी निंदा की थी.

अमरीका के कुछ बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थाओं ने पिछले वर्ष अपने अधिकारियों को 18 अरब डॉलर के बोनस बाँट दिए थे.

राष्ट्रपति ओबामा ने ऐसा करने वाले संस्थानों की कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक और ग़ैर ज़िम्मेदाराना बताया था.

उन्होंने कड़े शब्दों में आपत्ति दर्ज करते हुए कहा था कि इन वित्तीय संस्थानों ने ऐसा तब किया जब अमरीकी जनता के टैक्स का एक बड़ा हिस्सा आर्थिक सेवाएं प्रदान करनेवाले क्षेत्रों को संभालने में लगाया जा रहा है.