रविवार, 08 फ़रवरी, 2009 को 18:22 GMT तक के समाचार
ईरान के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद ख़ातमी ने घोषणा की है कि वो इस वर्ष जून में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों में हिस्सा लेंगे.
ख़ातमी वर्ष 1997 से 2005 तक ईरान के राष्ट्रपति रह चुके हैं. 2005 के चुनावों में रूढ़िवादी महमूद अहमदीनेजाद को जीत हासिल हुई थी.
सुधारवादी गुट की एक बैठक में उन्होंने कहा, "चुनावों में अपनी उम्मीदवारी को मैं गंभीरता से लूँगा."
ईरान में क्रांति के बाद ख़ातमी ही सबसे उदारवादी राष्ट्रपति रहे हैं.
विरोध
तेहरान से बीबीसी संवाददाता जॉन लेन का कहना है कि इस बार उन्हें राष्ट्रपति अहमदीनेजाद को हराना मुश्किल नहीं होना चाहिए.
हालाँकि संवाददाता का कहना है कि ख़ातमी को सेना और धार्मिक नेताओं में मौजूद कट्टरपंथियों के विरोध का सामना कर पड़ सकता है.
ख़ातमी ने स्वतंत्र चुनावों की अपील करते हुए कहा कि इस्लामी क्रांति का भविष्य ख़तरे हैं.
तेहरान में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह मुमकिन नहीं है कि आप क्रांति के भविष्य को लेकर उदासीन रहे और चुनाव लड़ने से कतराएँ.