सोमवार, 19 जनवरी, 2009 को 04:43 GMT तक के समाचार
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वॉशिंगटन में अपने समर्थकों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि अमरीका के लिए अभी बहुत सारे काम बाकी हैं.
उनका कहना था कि युद्ध का मोर्चा खुला हुआ है और अर्थव्यवस्था की हालत ख़राब है इसलिए शुरुआती कुछ महीनों में कुछ कठिनाइयाँ आ सकती हैं.
ओबामा ने कहा,'' मेरी सबसे बड़ी उम्मीद अमरीकी जनता है जो बदलाव चाहती है और वह बदलाव लाएगी.''
ये भीड़ उस समारोह के लिए जुटी थी जो बराक ओबामा के शपथ ग्रहण के पहले आयोजित किए जा रहे हैं.
ठिठुरा देने वाली ठंड के बीच हज़ारों लोग कंसर्ट में संगीत की स्वरलहरियों का आनंद ले रहे थे.
इस समारोह के लिए हॉलीवुड के कई बड़े सितारे इकट्ठे हुए थे तो अमरीका की संगीत की दुनिया के कई नामीगिरामी लोग भी पहुँचे हुए थे.
इनमें डेंजल वॉशिंगटन, टॉम हैंक्स, सैमुअल जैक्सन और स्टीवी वॉन्डर, बेयॉन्से, शकीरा और स्पिंगस्टीन जैसे लोग शामिल थे.
कंसर्ट के बीच बराक ओबामा जब भाषण देने पहुँचे तो उनके समर्थकों ने उनका ज़ोरदार अभिवादन किया.
अमरीकी के 44 वें राष्ट्रपति का पद संभालने जा रहे ओबामा ने कहा कि वे हमेशा की तरह उम्मीद से भरे हुए हैं.
मंगलवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं.
अधिकारियों को उम्मीद है कि इस समारोह के लिए कोई 20 लाख लोग इकट्ठे होंगे.
इससे पहले अब्राहम लिंकन के रास्ते का अनुसरण करते हुए ओबामा शनिवार को ट्रेन के रास्ते फ़िलाडेल्फ़िया से वॉशिंगटन पहुँचे थे.