http://www.bbcchindi.com

रविवार, 18 जनवरी, 2009 को 23:51 GMT तक के समाचार

'अमरीका कुछ भी कर सकता है'

अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वॉशिंगटन में अपने समर्थकों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, 'अमरीका कुछ भी कर सकता है'.

यह भीड़ उस समारोह के लिए जुटी थी जो उनके शपथ ग्रहण के पहले आयोजित किए जा रहे हैं.

ठिठुरा देने वाली ठंड के बीच हज़ारों लोग कंसर्ट में संगीत की स्वरलहरियों का आनंद ले रहे थे.

इस समारोह के लिए हॉलीवुड के कई बड़े सितारे इकट्ठे हुए थे तो अमरीका की संगीत की दुनिया के कई नामीगिरामी लोग भी पहुँचे हुए थे.

इनमें एक ओर डेंजल वॉशिंगटन, टॉम हैंक्स, सैमुअल जैक्सन और स्टीवी वॉन्डर तो दूसरी ओर बेयॉन्से, शकीरा, विलआईएम, यू2, स्पिंगस्टीन सहित कई नाम.

कंसर्ट के बीच बराक ओबामा जब भाषण देने पहुँचे तो उनके समर्थकों ने उनका ज़ोरदार अभिवादन किया.

फिर अमरीकी के 44 वें राष्ट्रपति का पद संभालने जा रहे ओबामा ने कहा कि वे हमेशा की तरह उम्मीद से भरे हुए हैं.

उन्होंने कहा कि देश दो लड़ाइयाँ लड़ रहा है और आर्थिक संकट से जूझ रहा है लेकिन उन्होंने उम्मीद है कि कई पीढ़ियों की सबसे बड़ी चुनौती से अमरीका निपट लेगा.

उन्होंने अमरीका के सामने खड़ी चुनौतियों की याद दिलाते हुए कहा कि रास्ता कठिन है, लंबा है, चढ़ाई भरा है और इसमें समय लगेगा.

फिर उन्होंने कहा, "आगे कठिन कार्य हैं लेकिन मैं यहाँ हमेशा की तरह उम्मीद के साथ खड़ा हुआ हूँ कि अमरीका संघर्ष करेगा और जो सपना हमारे संस्थापकों ने देखा उसे हम अपने समय में साकार करेंगे."

अमरीका में सोमवार को मार्टिन लूथर किंग दिवस मनाया जाएगा और फिर मंगलवार को बराक ओबामा शपथ लेंगे.

मंगलवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं.

अधिकारियों को उम्मीद है कि इस समारोह के लिए कोई 20 लाख लोग इकट्ठे होंगे.

इससे पहले अब्राहम लिंकन के रास्ते का अनुसरण करते हुए ओबामा शनिवार को ट्रेन के रास्ते फ़िलाडेल्फ़िया से वॉशिंगटन पहुँचे थे.